JHANSI NEWS: आम आदमी पार्टी द्वारा देश में बढ़ती महंगाई, एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि और गैस की कथित किल्लत को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को झांसी जिला कलेक्ट्रेट पर विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा. बताया गया कि प्रदर्शन से एक दिन पहले रात में पार्टी के जिलाध्यक्ष अरशद खान को प्रशासन द्वारा हाउस अरेस्ट कर लिया गया था। इसके बावजूद महानगर अध्यक्ष ग्यादीन कुशवाहा के नेतृत्व में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और विरोध जताया। पार्टी नेताओं का आरोप है कि हाल ही में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में 60 और कमर्शियल सिलेंडर के दामों में 120 की वृद्धि से आम जनता, छोटे व्यापारियों और मध्यम वर्ग पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। उनका कहना है कि गैस की कथित कमी के कारण होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड से जुड़े छोटे कारोबारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने कहा कि देश में उपयोग होने वाली बड़ी मात्रा में एलपीजी विदेशों से आयात की जाती है और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हो रही है। उन्होंने केंद्र सरकार से महंगाई पर नियंत्रण, रसोई गैस पर सब्सिडी और पेट्रोल-डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए पारदर्शी नीति लागू करने की मांग की। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई और गैस की कीमतों के मुद्दे पर जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आम आदमी पार्टी देशभर में आंदोलन तेज करेगी। इस मौके पर ग्यादीन कुशवाहा, राजेश भदौरिया, पुत्तू सिंह कुशवाहा, चौधरी परवेज, भवजीत सरना, आशीष तिवारी, नीलम चौधरी, तुलसी दास कुशवाहा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।







