JHANSI NEWS: नगर आयुक्त के आदेश के अनुपालन में नगर निगम द्वारा बकाया गृहकर वसूली के लिए सख्त अभियान चलाया जा रहा है। अपर नगर आयुक्त प्रथम एवं द्वितीय द्वारा राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान दिए गए निर्देशों के क्रम में मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए बकाया कर न चुकाने वाले भवन स्वामियों के खिलाफ सीलिंग और वसूली की कार्यवाही की गई। नगर निगम की टीम ने जोन-01 पिछोर क्षेत्र के डडियापुरा वार्ड नंबर 27 स्थित प्रकाश इंटरप्राइजेज (भवन संख्या-2144/1) पर 3,93,932 रुपये का गृहकर बकाया पाए जाने पर प्रतिष्ठान को सीज कर दिया। वहीं पाल कॉलोनी वार्ड नंबर 21 स्थित कोका-कोला गोदाम के संचालक विवेक लडानी पर 2,28,614 रुपये का गृहकर बकाया होने के कारण गोदाम को भी सील कर दिया गया। इसी क्रम में जोन-03 लहरगिर्द क्षेत्र के गोविन्दपुरी वार्ड नंबर 41 स्थित स्वयंवर वाटिका पर 2,12,160 रुपये का गृहकर बकाया मिलने पर उसे भी सीज करने की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुछ भवन स्वामियों ने कार्रवाई से पूर्व ही बकाया राशि जमा कर दी। शिवाजी नगर वार्ड नंबर 27 स्थित भवन संख्या-4455 की स्वामिनी श्रीमती किरन पत्नी विजय तथा श्रीमती ज्योति पत्नी विनोद चड्डा ने कुर्की की कार्रवाई से पहले ही मौके पर चेक के माध्यम से 3,08,786 रुपये का भुगतान कर दिया। वहीं डडियापुरा वार्ड नंबर 27 स्थित कमल गार्डन के संचालक कालीचरन यादव ने भी 1,65,817 रुपये की बकाया राशि नगद जमा कर दी। नगर निगम के अनुसार इन भवन स्वामियों द्वारा वर्ष 2018-19 से गृहकर का भुगतान नहीं किया गया था, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान सहायक नगर आयुक्त एवं जोनल अधिकारी गौरव कुमार, कर निर्धारण अधिकारी राधेश्याम पटेल, कर अधीक्षक देवेन्द्र कुमार यादव, राजस्व निरीक्षक अशोक कुमार, कौशल किशोर, रितु कुशवाहा, योगेश शुक्ला तथा ईटीएफ टीम मौजूद रही। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि बकाया गृहकर न जमा करने वाले अन्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ भी आगे सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







