30 सितम्बर तक जमा किए जा सकेंगे प्रपत्र, चयनित को एक लाख रुपये व प्रशस्ति पत्र
JALAUN NEWS: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गुरु गोविन्द सिंह राष्ट्रीय एकता पुरस्कार 2025-26 हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह पुरस्कार मानवाधिकारों की रक्षा, सामाजिक न्याय और राष्ट्रीय एकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को प्रदान किया जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला विकास अधिकारी निशांत पांडेय ने बताया कि चयनित व्यक्ति को गुरु गोविन्द सिंह जी के जन्म दिवस 5 जनवरी 2026 को एक लाख रुपये की नगद धनराशि व प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 सितम्बर 2025 निर्धारित की गई है। इच्छुक व्यक्ति अपना आवेदन जिला विकास अधिकारी कार्यालय में जमा कर सकते हैं। आवेदनकर्ता भारत का मूल नागरिक हो और सामान्यतः उत्तर प्रदेश राज्य की सीमा में निवास करता हो। साथ ही, वह पूर्व में इस पुरस्कार से सम्मानित न हुआ हो तथा उसके विरुद्ध कोई आपराधिक मामला लंबित न हो। शासन ने स्पष्ट किया है कि पात्र व्यक्तियों के प्रस्ताव उनके कार्यों के तथ्यात्मक विवरण एवं अभिलेखीय साक्ष्यों के साथ चार प्रतियों में, स्पष्ट आख्या और संस्तुति सहित शासन को भेजे जाएं। अधिक जानकारी के लिए शासनादेश राज्य सरकार की वेबसाइट http://shasanadesh.up.gov.in पर उपलब्ध है।







