MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) नाग पंचमी पर्व को लेकर क्षेत्र के प्रसिद्ध गुरुदेव नगर आश्रम में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आगामी 17 अगस्त को नाग पंचमी के पावन अवसर पर गढ़वा घाट स्वामी शरणानंद महाराज का आगमन होगा। झूला उत्सव का आयोजन होगा। आयोजन को लेकर आश्रम परिसर में व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। नाग पंचमी के अवसर पर हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुरुदेव नगर आश्रम पहुंचते हैं। इस वर्ष भी लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। मुंबई, महाराष्ट्र, बिहार, राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों और दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु यहां पहुंचकर स्वामी जी का झूला दर्शन करेंगे और पूजा-अर्चना करेंगे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है। पूरा मेला क्षेत्र प्रशासन की निगरानी में रहेगा। भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर संबंधित विभागों द्वारा तैयारियां की जा रही हैं, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। आश्रम में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए व्यवस्थाओं को व्यापक स्तर पर तैयार किया जा रहा है। नाग पंचमी पर्व पर गुरुदेव नगर आश्रम में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।







