FATEHPUR NEWS: जनपद के राधानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अन्दौली में आम रास्ते पर अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। मामले को लेकर मोहल्ले के लोगों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। प्रार्थना पत्र के अनुसार, नगर पालिका परिषद फतेहपुर क्षेत्र के वार्ड नंबर-3 अन्दौली में स्थित करीब 15 फुट चौड़ी गली से स्थानीय लोगों एवं वाहनों का आवागमन होता रहा है। आरोप है कि मोहल्ले के ही एक व्यक्ति ननका पुत्र छेद्दु द्वारा अपने मकान को आगे बढ़ाते हुए लगभग चार फुट तक रास्ते पर कब्जा कर लिया गया है। साथ ही मकान के आगे छज्जा निकालकर गली को संकरा किया जा रहा है, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह कार्य योजनाबद्ध तरीके से किया जा रहा है, जिससे भविष्य में आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि समय रहते इस अतिक्रमण को रोका जाए और आम रास्ते को मुक्त कराया जाए। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए अवैध कब्जा हटवाने और दोषी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।







