नई एनसीईआरटी पाठ्यपुस्तकों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए शिक्षकों व शिक्षामित्रों को दिया जा रहा व्यवहारिक प्रशिक्षण
KAUSHAMBI NEWS: विकासखंड कड़ा में एफएलएन (फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी) व नई एनसीईआरटी पाठ्यपुस्तकों पर आधारित पांच दिवसीय प्रशिक्षण का शुभारंभ शुक्रवार को प्रशिक्षण प्रारम्भ हुआ। यह प्रशिक्षण डॉ. भीमराव अंबेडकर इंटर कॉलेज, बिहामिदपुर में आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण में प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षक व शिक्षामित्र सहभागिता कर रहे हैं। खंड शिक्षा अधिकारी नीरज कुमार के निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण के प्रथम दिवस पर नई एनसीईआरटी पाठ्यपुस्तकों के प्रभावी क्रियान्वयन, निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों, गतिविधि आधारित शिक्षण, भाषा व गणित की दक्षताओं के विकास और बाल-केंद्रित शिक्षण पद्धतियों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण का संचालन एल एल एफ की ब्लॉक स्तरीय कोऑर्डिनेटर संदर्भदाता रेशमा बानो, संदर्भदाता प्रभाकर प्रसाद मिश्र, विनोद कुमार शुक्ल, दिनेश कुमार श्रीवास्तव, रेनू वर्मा व सबीना बानो द्वारा किया गया। संदर्भदाताओं ने समूह गतिविधियों, टीएलएम के प्रभावी उपयोग, कक्षा-कक्ष में नवाचार, दक्षता आधारित मूल्यांकन व नई शिक्षण रणनीतियों पर व्यवहारिक अभ्यास कराते हुए प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षित किया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी नीरज कुमार ने कहा कि नई एनसीईआरटी पाठ्यपुस्तकों का उद्देश्य बच्चों में जिज्ञासा, रचनात्मकता और सीखने की स्वाभाविक क्षमता का विकास करना है। शिक्षक प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अनुभवों एवं नवाचारों को विद्यालयों में प्रभावी ढंग से लागू करें, जिससे प्रत्येक बच्चा बुनियादी भाषा एवं गणितीय दक्षताओं को प्राप्त कर सके और निपुण भारत मिशन के लक्ष्य समयबद्ध तरीके से हासिल किए जा सकें। प्रथम दिवस का प्रशिक्षण उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों व शिक्षामित्रों ने गतिविधियों में बढ़-चढ़कर सहभागिता की। आगामी चार दिनों में भाषा, गणित, समग्र मूल्यांकन, कक्षा प्रबंधन व नई एनसीईआरटी पाठ्यपुस्तकों के व्यवहारिक उपयोग से जुड़े विभिन्न विषय पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया जाएगा।







