JALAUN NEWS: गढ़र गांव में कल सुबह से लापता 5 वर्षीय मासूम आरुष का शव रविवार सुबह बंबा (नहर) में मिलने से गांव में मातम पसर गया। आरुष, पुत्र सतेंद्र कुमार, अपने ननिहाल आया हुआ था। बताया गया कि शनिवार सुबह वह घर के बाहर खेलते-खेलते अचानक लापता हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश में कोई कसर नहीं छोड़ी, वहीं पुलिस भी देर रात तक खोजबीन करती रही, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। रविवार सुबह गांव के पास बंबा में मासूम का शव मिलने पर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की खबर लगते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में गम का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।







