सीईआईआर पोर्टल की मदद से मिली बड़ी सफलता, एसपी ने मोबाईल स्वामियों को किए सुपुर्द
FATEHPUR NEWS: फतेहपुर पुलिस ने गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 121 मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है। अपने खोए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने फतेहपुर पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में गुम मोबाइल फोनों की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सीईआईआर पोर्टल पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों के आधार पर जनपदीय सीसीटीएनएस टीम और सभी थाना स्तर की सीसीटीएनएस टीमों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। लगातार मॉनिटरिंग और समन्वित प्रयासों के चलते पुलिस ने जनपद के अलावा अन्य जिलों और विभिन्न राज्यों से अलग-अलग कंपनियों के कुल 121 मोबाइल फोन बरामद किए। शनिवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सम्मेलन कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। मोबाइल वापस मिलने पर लाभार्थियों ने पुलिस का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया मोबाइल वापस मिल जाएगा। पुलिस के इस त्वरित और प्रभावी प्रयास से लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है। मोबाइल फोनों की बरामदगी में जनपदीय सीसीटीएनएस टीम के साथ-साथ सभी थाना स्तर की सीसीटीएनएस टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों ने टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कार्य करने की बात कही।
थानावार बरामद मोबाइल
कोतवाली-10, मलवां-8, हुसैनगंज-5, खागा-8, खखरेरू-5, किशनपुर-5, धाता-3, बिंदकी-15, बकेवर-4, जहानाबाद-4, कल्याणपुर-1, औंग-2, जाफरगंज-2, चांदपुर-4, गाजीपुर-13, ललौली-6, थरियांव-8, हथगांव-6, असोथर-5 तथा राधानगर-7 मोबाइल बरामद किए गए। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र से इस अभियान में कोई मोबाइल बरामद नहीं हुआ।







