SIDHARTHNAGAR NEWS: नीति आयोग के आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत ‘सम्पूर्णता अभियान 2.0’ का शुभारंभ विकास खंड खेसरहा परिसर में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की उपस्थिति में किया गया। खंड विकास अधिकारी अमित सिंह ने जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। जिलाधिकारी ने बताया कि नीति आयोग द्वारा विकास खंड खेसरहा को आकांक्षी ब्लॉक के रूप में चयनित किया गया है। यह अभियान 28 जनवरी से 14 अप्रैल 2026 तक संचालित होगा। आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि समेत छह प्रमुख संकेतकों पर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि अभियान के उद्देश्यों, लक्ष्यों एवं अपेक्षित परिणामों की जानकारी संबंधित विभागों, अधिकारियों और जनसमुदाय को विस्तार से दी जाएगी। चयनित संकेतकों के अंतर्गत विभागवार कार्ययोजना बनाकर स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा सहित अन्य क्षेत्रों में निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित की जाएगी। संबंधित अधिकारियों, फील्ड कर्मियों एवं हितधारकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन संभव हो सके।जिलाधिकारी ने बताया कि पूर्व में डेल्टा रैंकिंग में प्रथम स्थान प्राप्त होने पर 4.50 करोड़ रुपये की पुरस्कार धनराशि मिली थी, जिससे विकास एवं कायाकल्प कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से आयुष्मान कार्ड बनवाने, शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित कराने तथा सभी विभागीय अधिकारियों को अधिक से अधिक फील्ड निरीक्षण करने के निर्देश दिए।कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया। जिला विकास अधिकारी ने अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला, जबकि खंड विकास अधिकारी ने आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत प्राप्त उपलब्धियों एवं अभियान की कार्ययोजना की जानकारी दी।अंत में उपायुक्त श्रम रोजगार संदीप सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत कुमार चौरसिया, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष अग्रवाल, जिला विकास अधिकारी राजमणि वर्मा, डीएसटीओ बीएस यादव, उपायुक्त एनआरएलएम देवनंदन दूबे, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेष कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







