Home उत्तर प्रदेश खेलते-खेलते तालाब में गिरा मासूम, डूबने से मौत

खेलते-खेलते तालाब में गिरा मासूम, डूबने से मौत

KAUSHAMBI NEWS: कोखराज थाना क्षेत्र के अंदावा गांव में बुधवार को दर्दनाक हादसे में करीब चार वर्षीय मासूम की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों की मदद से बच्चे को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। अंदावा गांव निवासी सोनू गौतम मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता हैं। बुधवार सुबह वह मजदूरी करने के लिए घर से निकल गया। दोपहर बाद करीब तीन बजे उनकी पत्नी श्वेता देवी बच्चों को घर के बाहर खेलता छोड़ किसी काम से टेढ़ीमोड़ चली गईं। कुछ देर बाद वापस लौटने पर एक बच्चे को घर में न देखकर उन्होंने उसकी खोजबीन शुरू की। परिवार के लोगों और ग्रामीणों ने आसपास तलाश की, लेकिन मासूम का कहीं पता नहीं चला। आशंका होने पर घर के समीप स्थित तालाब में ग्रामीणों ने खोज शुरू की। काफी प्रयास के बाद बच्चे का शव तालाब से बरामद हुआ। परिजन आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि तालाब के किनारे बने चबूतरे पर शिवलिंग स्थापित है। मासूम वहीं खेल रहा था। खेलते-खेलते वह कब तालाब में उतर गया, किसी को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। गहरे पानी में जाने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका।