Home उत्तर प्रदेश खाद दुकानों का औचक निरीक्षण, मंत्री ने किसानों से की बात

खाद दुकानों का औचक निरीक्षण, मंत्री ने किसानों से की बात

SIDHARTHNAGAR NEWS: उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सोमवार को सिद्धार्थनगर जिले का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कई खाद भंडारों और सहकारी समितियों का दौरा कर स्टॉक और वितरण व्यवस्था की जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को खाद मिलने में किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। मंत्री शाही ने लोटन में घनश्याम खाद भंडार, यादव खाद भंडार और सहकारी समिति बी पैक्स का निरीक्षण किया। इसके बाद वे बर्डपुर पहुंचे, जहां उन्होंने दामोदर प्रसाद संतोष कुमार खाद भंडार और सहकारी समिति बी पैक्स का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान, उन्होंने स्टॉक और वितरण रजिस्टर देखे। उन्होंने रजिस्टर में दर्ज किसानों से फोन पर बात कर यह भी जाना कि उन्हें सही समय पर और सही दाम पर खाद मिल रही है या नहीं। निरीक्षण के बाद, मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. और पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि छोटी-बड़ी खाद दुकानों और सहकारी समितियों पर नियमानुसार खाद का आवंटन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से इन दुकानों का निरीक्षण और जांच करने के निर्देश भी दिए, ताकि कालाबाजारी पर रोक लगाई जा सके। इस मौके पर कपिलवस्तु के विधायक श्यामधनी राही और भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान सहित कई अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।