Home उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, राग ब्रांड सब्जी मसाला असुरक्षित घोषित,...

खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, राग ब्रांड सब्जी मसाला असुरक्षित घोषित, बिक्री पर तत्काल रोक

FATEHPUR NEWS: जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मंगलवार को व्यापक जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान मलवां औद्योगिक क्षेत्र स्थित कई आटा मिलों का निरीक्षण किया गया, जबकि राग ब्रांड के सब्जी मसाले में मानक से अधिक कीटनाशक अवशेष पाए जाने पर उसके एक बैच की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई और बड़ी मात्रा में पैकेट सीज कर दिए गए। यह कार्रवाई आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी फतेहपुर के निर्देशों के अनुपालन में सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय वीरेन्द्र सिंह कुशवाहा के निर्देशन में की गई। निरीक्षण के दौरान मलवां औद्योगिक क्षेत्र स्थित जेडीएसएल फ्लोर मिल, आयुष्मान फ्लोर मिल एवं बीडीआरडी फ्लोर मिल का निरीक्षण किया गया। गुणवत्ता पर संदेह होने के कारण एक आटे का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया गया, जिसे खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि गाजीपुर रोड स्थित साकेत नगर में संचालित आरएसजी फूड्स प्रोडक्ट्स से 8 जुलाई 2026 को राग ब्रांड के सब्जी मसाले का नमूना लिया गया था। प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट में इस मसाले में ट्रायजोफॉस (ट्रायजोफॉस नामक कीटनाशक अवशेष) की मात्रा निर्धारित मानक से अधिक पाई गई, जिसके आधार पर इसे असुरक्षित घोषित किया गया। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद मंगलवार को विभागीय टीम ने निर्माता इकाई का पुनः निरीक्षण किया और राग ब्रांड सब्जी मसाले के बैच संख्या-01 के 40 पैकेट सीज कर दिए। साथ ही इस बैच की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे बैच संख्या-01 के राग ब्रांड सब्जी मसाले का उपयोग न करें तथा खरीदारी करते समय खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता और पैकेजिंग पर विशेष ध्यान दें। विभाग ने बताया कि अभियान के दौरान लिए गए सभी नमूनों को खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत संबंधित इकाइयों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सिद्धार्थ कुमार, दिनेश चंद्र, धीरज कुमार दीक्षित, अनुराधा कुशवाह तथा देवेश मिश्रा शामिल रहे।