Home इटावा खाद्य सुरक्षा विभाग की छापे मारी से मिलावटखोरों में मचा हड़कंप

खाद्य सुरक्षा विभाग की छापे मारी से मिलावटखोरों में मचा हड़कंप

ETAWA NEWS: विगत दो दिनों से खाद्य सुरक्षा विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी से मिलावटखोरों में हड़कंप मचा हुआ है। रक्षाबंधन त्यौहार के दृष्टिगत आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आदेश पर  सहायक आयुक्त (खाद्य) राजेश द्विवेदी के नेतृत्व में जनपद इटावा में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम मिठाइयों और खाद्य सामग्री को परखने निकली। सोमवार को फर्रुखाबाद फाटक के पास बृजवासी स्वीट्स से रंगीन छेना मिठाइयों के तीन नमूने लिए गए। इसके बाद तकिया तिराहा के पास स्थित वंश स्वीट्स से बूंदी का लड्डू और रंगीन छेना मिठाई के नमूने लिए गए। यहीं पास में स्थित यश स्वीट्स से भी बूंदी का लड्डू और चमचम छेना मिठाई के नमूने लिए गए। मंगलवार को भी टीम की छापेमारी जारी रही। टीम ने मुखबिर की सूचना पर ऊसराहार में बिना लाइसेंस चल रही अनिल कौशल की खोया भट्टी पर छापा मार कर दूध और खोया के नमूने लिए। इसके बाद ऊसराहार तिराहे पर स्थित एक मिठाई की दुकान पर टीम की गाड़ी जैसे ही पहुंची, टीम को देखकर मिठाई कारोबारी राजीव कौशल भागने लगा, जिस पर टीम के सदस्यों ने दौड कर उसे पकड़ लिया और उससे भागने का कारण पूछा तो वह बगलें झांकने लगा। टीम ने काउंटर में रखी फफूंद लगी बर्फी और बूंदी के लड्डू में अत्यधिक रंग के प्रयोग के संबंध में पूछा तो वह कोई जवाब न दे सका। टीम ने नमूना भरने की कार्यवाही शुरू की ही थी कि तब तक स्वयं को व्यापार मण्डल का अध्यक्ष बता रहे रवि चक्रवर्ती नाम के एक व्यक्ति ने मौके पर कई लोगों की भीड़ इकट्ठा कर ली, जो कई प्रकार के अनर्गल आरोप लगाते हुए टीम को नमूना लेने से रोकने लगे। सहायक आयुक्त राजेश द्विवेदी द्वारा थाना प्रभारी को सूचित करने पर मौके पर पुलिस बल आ गया। राजीव कौशल की दुकान से लड्डू का नमूना लिया गया किंतु रवि चक्रवर्ती और अनिल कौशल आदि ने भीड़ का फायदा उठाते हुए नारेबाजी करते हुए बर्फी की ट्रे मैके से हटा दी, जिससे टीम बर्फी का नमूना नहीं भर सकी। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि एक बार पहले भी टीम जब चाइनीज लहसुन पर कार्यवाही कर रही थी, तब भी रवि चक्रवर्ती, दीप कुमार, नरेंद्र गुप्ता आदि ने भीड़ जुटा कर नमूना लेने का विरोध किया था। सहायक आयुक्त खाद्य राजेश द्विवेदी ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने एवं नमूना लेने से टीम को रोकने में शामिल रहे लोगों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 62 में भी कार्यवाही की जा रही है।
इसके बाद टीम बालूगंज भरथना स्थित आस्था किराना स्टोर से सौंफ और बेसन का नमूना लिया। बगल में ही स्थित सीताराम स्वीट्स से रंगीन छेना रसगुल्ला और बूंदी के लड्डू का नमूना लिया। इसके बाद टीम ने बकेवर स्थित महालक्ष्मी स्वीट्स से चॉकलेट बर्फी एवं पनीर का नमूना जांच हेतु लिया। टीम द्वारा लिए गए सभी नमूने विश्लेषण हेतु खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। टीम के सदस्यों में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी राकेश सकारिया, संदीप सिंह, रविभान सिंह, मृत्युंजय कुमार, गायत्री, सुभाष सोनकर शामिल थे। सहायक आयुक्त खाद्य राजेश द्विवेदी ने बताया कि रंगीन मिठाइयों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। जनसामान्य से यह अपील है कि वह रंगीन और चमकीली मिठाइयों को प्रयोग करने से बचें और मिलावट करने वालों के सम्बन्ध में विभाग को सूचित करें ताकि ऐसे लोगों पर ठोस कार्यवाही की जा सके।