Home आस्था कोड़ारवर गांव में लगा पारंपरिक मेला और हुआ विशाल दंगल

कोड़ारवर गांव में लगा पारंपरिक मेला और हुआ विशाल दंगल

पहलवानों के दांव-पेंच देखने उमड़ी भीड़ प्रधान रामजीत पटेल ने बताया कि 70 वर्षों से भी पुराना है यह मेला

FATEHPUR NEWS: खागा तहसील क्षेत्रांतर्गत सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र अफोई पुलिस चौकी अंतर्गत कोड़ारवर गांव में नवरात्रि पर्व के अवसर पर पारंपरिक मेला और विशाल दंगल का आयोजन किया गया। मेले में सुबह से ही आसपास के गांवों और कस्बों से आए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। झूले, दुकानों और बच्चों के खेल-खिलौनों से सजे स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने रहे। वहीं पहली बार आयोजित हुए विशाल दंगल में इलाके के साथ ही दूर-दराज के नामी पहलवानों ने अखाड़े में उतरकर अपने-अपने दांव-पेंच दिखाए। छोटे-बड़े मुकाबलों में जहां युवाओं ने जोर आजमाइश की, वहीं बड़े अखाड़े के मुख्य मुकाबले में मशहूर पहलवानों ने शानदार खेल दिखाकर दर्शकों का दिल जीत लिया। दंगल देखने के लिए मैदान में हजारों की भीड़ जुटी रही। दर्शक हर दांव पर तालियों और जयकारों से पहलवानों का उत्साह बढ़ाते नजर आए। निर्णायक मंडल ने निष्पक्षता के साथ मुकाबलों का संचालन किया। मेले में बच्चों ने झूलों और खेल-खिलौनों का आनंद लिया, जबकि महिलाओं ने खरीदारी कर मेले का लुत्फ उठाया। खाने-पीने के स्टॉलों पर भी दिनभर चहल-पहल बनी रही। मेला आयोजक एवं ग्राम प्रधान रामजीत सिंह पटेल ने बताया कि कोड़ारवर गांव का यह मेला लगभग 70 वर्षों से आयोजित होता आ रहा है और यह परंपरा लोगों को एकता और भाईचारे का संदेश देती है। लोगों ने बताया कि हर वर्ष मेले के बाद रात में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी होता है जो कि बीते 7 दशकों से भी ज्यादा से पारंपरिक तौर पर हो रहा है। वहीं गांव के युवा नेता बिजली सिंह पटेल ने पहली बार विशाल दंगल का आयोजन किया जिसकी चर्चा भी जोरों पर होती रही। कुल मिलाकर इस मेले का सभी ने आनंद लिया और मेले की जलेबी व चाट आदि भी लोगों ने खूब खाई।