Home उत्तर प्रदेश केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर लगा विशाल स्वास्थ्य शिविर,...

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर लगा विशाल स्वास्थ्य शिविर, सैकड़ों मरीजों को मिला लाभ

KAUSHAMBI NEWS: केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कड़ा के तत्वावधान में खंड विकास अधिकारी कार्यालय कड़ा के सभागार में विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में सीएचसी कड़ा के अधीक्षक डॉ. मोहम्मद सऊद ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। शिविर को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य ने कहा कि गरीब एवं जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके घर के समीप ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध हो जाती हैं। शिविर में मरीजों की जांच और उपचार के लिए चिकित्सकों की विशेष टीम तैनात रही। चिकित्सा अधिकारी डॉ. हाशिम खान, डॉ. अविरल अग्रवाल सहित सीएचसी कड़ा के स्वास्थ्य कर्मियों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में पहुंचे मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक दवाओं का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष योगेंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष कड़ा प्रदीप कुमार पटेल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष कमलेश निषाद, खंड विकास अधिकारी दिनेश चंद्र, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी प्रभाकर सिंह चंदेल, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक प्रदीप सिंह, बीसीपीएम रोहिणी त्रिपाठी सहित स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य शिविर में क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।