प्रभारी मंत्री बोले-भारत युद्ध का नहीं, बुद्ध का देश
KUSHINAGAR NEWS: बुद्धनगरी में तीन दिवसीय इंटरनेशनल बुद्धिस्ट कॉन्क्लेव 2026 का शुभारंभ महापरिनिर्वाण मंदिर परिसर में पारंपरिक बौद्ध वंदना के साथ हुआ। देश-विदेश से आए भिक्षुओं, विद्वानों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने इस आयोजन को वैश्विक स्वरूप दे दिया। कार्यक्रम का श्रीगणेश प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन कुशीनगर को अंतरराष्ट्रीय बौद्ध एवं पसांस्कृतिक केंद्र बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। “भारत युद्ध का नहीं, बुद्ध का देश है,” कहते हुए उन्होंने शांति मार्ग के संदेश को विश्व तक पहुंचाने पर जोर दिया।
महावीर जयंती के अवसर पर बौद्ध और जैन दर्शन के संगम को उन्होंने भारतीय संस्कृति की विशेषता बताया। साथ ही कहा कि इस कॉन्क्लेव से न केवल आध्यात्मिक विमर्श होगा, बल्कि पर्यटन और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न देशों के प्रतिनिधि बौद्ध दर्शन, शांति और वैश्विक सहयोग पर चर्चा करेंगे। यह आयोजन कुशीनगर को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।







