FATEHPUR NEWS: सावन के तीसरे सोमवार पर मंझिलगांव स्थित प्राचीन कुण्डेश्वर धाम मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। तहसील क्षेत्र के अलग-अलग गांवों से श्रद्धालु नौबस्ता गंगा घाट पहुंचे, जहां से पवित्र गंगाजल लेकर करीब 25 किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हुए मंझिलगांव पहुंचे और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। कांवड़ियों और शिवभक्तों के जत्थे ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारे लगाते हुए कुण्डेश्वर धाम पहुंचे। मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही और वातावरण शिवमय बना रहा। श्रद्धालुओं की सेवा के लिए नगरवासियों की ओर से जगह-जगह भंडारे के पंडाल लगाए गए थे। यहां कांवड़ियों एवं अन्य श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक शिवभक्तों की सेवा की। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। कोतवाली प्रभारी संजय कुमार पांडेय ने पूरे दिन क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। क्षेत्राधिकारी रवि प्रकाश सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक ने भी मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा भीड़ प्रबंधन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने को कहा।







