LAKHIMPUR KHERI NEWS: जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पलिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कुख्यात ड्रग माफिया विक्की नेपाली को लगभग 22 ग्राम ब्राउन शुगर स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक खीरी ख्याति गर्ग के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) और क्षेत्राधिकारी पलिया के मार्गदर्शन में थानाध्यक्ष पलिया पंकज त्रिपाठी के नेतृत्व वाली टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्की गुप्ता उर्फ विक्की नेपाली 34 वर्षीय पुत्र बेचू राम के रूप में हुई है। वह मूल रूप से सुल्तानपुर जिले के ग्राम ज्ञानीपुर का निवासी है और वर्तमान में पलिया थाना क्षेत्र के थारू पुरवा मजरा मकनपुर में रह रहा था।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 21.8 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा, बिक्री के 4,850 रुपये नगद, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP-31-CH-6193) भी बरामद की गई है। मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है।पुलिस के अनुसार,आरोपी का एक लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ पलिया थाने में चोरी, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने विक्की नेपाली के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/23 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है। अब पुलिस उससे पूछताछ कर इस ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और उनके ठिकानों की जानकारी जुटाने में लगी है।







