Home उत्तर प्रदेश किसान समस्याओं को लेकर भाकियू की बैठक, आंदोलन की रणनीति तय

किसान समस्याओं को लेकर भाकियू की बैठक, आंदोलन की रणनीति तय

FATEHPUR NEWS: भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) की जिला इकाई की बैठक रविवार को नहर कॉलोनी में राष्ट्रीय संगठन मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर चर्चा की गई और संबंधित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग उठाई गई। किसान नेताओं ने जिले में बंद पड़ी सभी सहकारी समितियों को तत्काल चालू कराने तथा प्रत्येक समिति पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग की। इसके अलावा जल जीवन मिशन के तहत अधूरी पड़ी पानी की टंकियों का निर्माण पूरा कराने और निर्मित टंकियों से नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित कराने पर जोर दिया गया। बैठक में नहरों में पर्याप्त पानी छोड़े जाने, अघोषित विद्युत कटौती पर रोक लगाने और किसान आंदोलनों से संबंधित दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग भी उठाई गई। खागा तहसील क्षेत्र में पशुओं के उपचार के लिए संचालित 1962 सेवा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। यूनियन ने बताया कि ऐरायां और विजयीपुर ब्लॉक में यह सुविधा उपलब्ध नहीं है। दोनों ब्लॉकों में 1962 सेवा लागू कराने की मांग की गई। इसके साथ ही खतौनी में अंश निर्धारण और नाम सुधार से संबंधित लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण कराने की मांग भी की गई। बैठक में किसानों की समस्याओं को लेकर आगामी आंदोलन की रणनीति तय करते हुए आगामी 3 सितंबर को मलवा ब्लॉक, 5 सितंबर को असोथर ब्लॉक तथा 12 सितंबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव करेंगे साथ ही 30 अगस्त को मुचुवापुर में तथा 15 सितंबर को मांझे का पुरवा बाजार में पंचायत आयोजित करने की घोषणा की गई। जिलाध्यक्ष नवल सिंह पटेल ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान नहीं किया गया तो भारतीय किसान यूनियन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और तेज करेगी। किसानों के हितों की लड़ाई को मजबूती से जारी रखा जाएगा।