Home उत्तर प्रदेश किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने को लेकर विधायक मोना...

किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने को लेकर विधायक मोना ने कृषि मंत्री को लिखा पत्र

PRATAPGARH NEWS: क्षेत्रीय विधायक एवं कांग्रेस विधान मंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने गुरूवार को प्रदेश के कृषि मंत्री को पत्र लिखकर जिले में खाद की उपलब्धता न होने को लेकर पत्र लिखा है। विधायक मोना ने कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही को लिखे पत्र में कहा है कि इस समय धान की फसल के लिए खाद की अत्यंत आवश्यकता है। उन्होंने पत्र में कहा है कि प्रदेश भर में किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है। विधायक आराधना मिश्रा ने कहा है कि गृह जनपद प्रतापगढ़ सहित मुख्य रूप से रामपुर खास विधानसभा क्षेत्र में साधन सहकारी समितियों में खाद उपलब्ध नहीं है। विधायक मोना ने कृषि मंत्री को यह भी जानकारी दी है कि समितियों पर किसानों की लंबी लंबी लाइने खाद के लिए लगी रहती है , और बाद में किसानों को निराश होकर वापस लौटना पड़ता है। उन्होंने कहा है कि धान की फसल खरीफ की मुख्य फसल है। विधायक आराधना मिश्रा मोना ने पत्र में कहा है कि समय से किसानों को खाद न मिल पाने के कारण धान की फसल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इससे किसान फसल उत्पादन को लेकर चिंतित व कुंठित और हताश है। विधायक आराधना मिश्रा ने अपने पत्र में यह भी कहा है कि खाद की कालाबाजारी के चलते किसानों का उत्पीड़न चिंताजनक हालात उत्पन्न किये  हुए है। उन्होंने कहा है कि एक तरफ छुट्टा जानवर किसानों की फसल को नष्ट कर रहे है और दूसरी तरफ खाद न मिलने के कारण किसान की फसल चैपट हो रही है। उन्होंने कहा कि उनके निर्वाचन क्षेत्र रामपुर खास के किसान खाद के लिए समीपवर्ती जनपदों तक भटक रहे है किन्तु उन्हें वहां भी निराशा ही मिल रही है। कांग्रेस विधान मंडल दल की नेता मोना ने किसानों की परेशानी को ध्यान में रखते हुए कृषि मंत्री से साधन सहकारी समितियों पर अतिशीघ्र पर्याप्त मात्रा में यूरिया खाद उपलब्ध कराये जाने पर जोर दिया है। विधायक आराधना मिश्रा मोना के कृषि मंत्री को लिखे पत्र की जानकारी यहां मीडिया प्रभारी ज्ञान प्रकाश शुक्ल के हवाले से दी गयी है।