Home उत्तर प्रदेश किचन में फंदे से लटकी मिली 21 वर्षीय युवती, संदिग्ध हालात में...

किचन में फंदे से लटकी मिली 21 वर्षीय युवती, संदिग्ध हालात में मौत

मेंवली गांव में घटना से मचा हड़कंप, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा; आत्महत्या के कारणों की जांच जारी
FATEHPUR NEWS: ललौली थाना क्षेत्र के मेंवली गांव में रविवार शाम 21 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवती का शव घर के किचन में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवती ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। गांव निवासी रामकिशोर यादव पुत्र ननकाई ने पुलिस को दी सूचना में बताया कि उनकी बेटी निशु (21) रविवार शाम करीब 5:45 बजे घर के किचन में थी। इसी दौरान उसने फंदा लगा लिया। परिजनों को जानकारी होने पर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही ललौली थाना प्रभारी प्रमोद कुमार राव तथा बहुआ चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया।परिजनों के मुताबिक निशु ने यह कदम किस वजह से उठाया, इसकी जानकारी उन्हें भी नहीं है। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ललौली थाना प्रभारी प्रमोद कुमार राव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।