उभरती कलाकार और यूट्यूबर ज़ेनी ज़हरा ने बढ़ाया ज़मींदार घराने का मान
– 365 गांव के ज़मींदार परिवार और लखनऊ के शीशमहल से रखती हैं ताल्लुक
FATEHPUR NEWS: जनपद फतेहपुर के विकास खंड हथगाम अंतर्गत कासिमपुर गांव में रहने वाली उभरती कलाकार एवं यूट्यूबर ज़ेनी ज़हरा अपनी कला, मेहनत और प्रतिभा के दम पर लोगों के बीच अलग पहचान बना रही हैं। मूल रूप से लखनऊ के ऐतिहासिक शीशमहल और प्रतिष्ठित ज़मींदार परिवार से जुड़ी ज़ेनी कोरोना काल से अपने नाना और मामा के साथ कासिमपुर में रह रही हैं।
बताया जाता है कि ज़ेनी ज़हरा का परिवार क्षेत्र के प्रसिद्ध ज़मींदार घराने से संबंध रखता है, जहां चौधरी इकबाल हुसैन जैसी प्रतिष्ठित शख्सियत रही हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, उनके व्यक्तित्व और जमींदारी की चर्चा दूर-दूर तक होती थी। बचपन से ही कला के प्रति विशेष रुचि रखने वाली ज़ेनी ने अपनी लगन और मेहनत के बल पर अपनी प्रतिभा को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाया है। वह कई कला प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर अपनी रचनात्मक क्षमता का परिचय दे चुकी हैं। विशेष रूप से उनकी बनाई गई पोर्ट्रेट पेंटिंग्स लोगों को काफी पसंद आती हैं, जिसके चलते उन्हें कस्टम ऑर्डर भी मिलने लगे हैं। कला के साथ-साथ ज़ेनी घरेलू कार्यों में भी रुचि रखती हैं और एक सुसंस्कृत एवं प्रतिभाशाली व्यक्तित्व के रूप में जानी जाती हैं। ज़ेनी ज़हरा डिजिटल दुनिया में भी तेजी से पहचान बना रही हैं। उनका यूट्यूब चैनल “Crafter Zeni” दर्शकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। उनकी रचनात्मक वीडियो को लोग खूब पसंद कर रहे हैं और कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हो चुकी हैं। परिवार ने जीवन के कठिन दौर का भी सामना किया। करीब एक वर्ष पूर्व उनके पिता का इराक के करबला में हृदयाघात के कारण निधन हो गया था। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद ज़ेनी ने हिम्मत नहीं हारी और अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहीं।
परिजनों और क्षेत्रीय लोगों को उम्मीद है कि प्रतिभाशाली ज़ेनी ज़हरा भविष्य में अपने परिवार, माता-पिता तथा अपने मामा इमरान हुसैन का नाम और अधिक रोशन करेंगी। उनकी प्रतिभा, मेहनत और समर्पण आने वाले समय में उन्हें नई ऊँचाइयों तक पहुंचा सकता है।







