Home उत्तर प्रदेश काजीपुर शरीफ में चार दिवसीय उर्स मुबारक संपन्न, जायरीनों की उमड़ी भीड़

काजीपुर शरीफ में चार दिवसीय उर्स मुबारक संपन्न, जायरीनों की उमड़ी भीड़

सूफियाना कलाम से गूंजा माहौल, चादरपोशी, लंगर और महफिले समा रहे आकर्षण का केंद्र
FATEHPUR NEWS: सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत उमरपुर गौंती उर्फ काजीपुर शरीफ में चार दिवसीय उर्स मुबारक का आयोजन बड़े ही अकीदत और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। सूफी सैय्यद मोहम्मद हसीबुल हसन शाह की सरपरस्ती में आयोजित इस उर्स में सफी सैय्यद नव्वाब अली शाह का 34वां तथा सूफी सैयद मोहम्मद अजीजुल हसन शाह का पहला सालाना उर्स मुबारक मनाया गया, जिसमें दूर-दराज से बड़ी संख्या में मुरीदों और जायरीनों ने शिरकत की। उर्स के दौरान परिसर में लगी दुकानों, बच्चों के झूलों और मेले जैसा माहौल आकर्षण का केंद्र रहा। वहीं कव्वालों ने सूफियाना कलाम पेश कर जायरीनों को झूमने पर मजबूर कर दिया, जिससे पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक माहौल बना रहा। चारों दिन विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। पहले दिन कुरआन ख्वानी, सलात-ओ-सलाम, लंगर शरीफ, सरकारी चादरपोशी, मीलाद और महफिले समा का आयोजन हुआ। दूसरे दिन कुरआन ख्वानी, लंगर, आम चादर पेशी, गुल पेशी, चिरागां और हलक-ए-जिक्र के साथ महफिले समा आयोजित हुई। तीसरे दिन जिक्र-ए-कलंदरी, सलात-ओ-सलाम, चिरागां और महफिले समा का आयोजन किया गया। वहीं चौथे और अंतिम दिन गुस्ल शरीफ, संदल शरीफ, गुल पेशी, लंगर और मीलाद शरीफ के साथ उर्स मुबारक का समापन हुआ।
उर्स को सफल बनाने में कमेटी के मोहम्मद अहमद, मोहम्मद शाहिद, जफर आलम, मोहम्मद दानिश, मोहम्मद आमिर, ताहा, कयाम अजीजी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने अहम भूमिका निभाई। पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और भाईचारे का माहौल देखने को मिला।