Home उत्तर प्रदेश कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान की राष्ट्रीय नेताओं ने संभाली कमान

कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान की राष्ट्रीय नेताओं ने संभाली कमान

जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी एवं शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा ने संभाली जिम्मेदारी

FATEHPUR NEWS: कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत शुक्रवार को जनपद पहुंचे राष्ट्रीय पर्यवेक्षकों ने संगठन को मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी। लाला बाजार स्थित एक मैरिज हॉल में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय पर्यवेक्षकों ने पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि जिले से लेकर ब्लॉक स्तर तक संगठन की मौजूदा स्थिति की जानकारी जुटाई जाएगी और कार्यकर्ताओं से संवाद कर उनकी राय ली जाएगी। इससे पहले ज्वालागंज स्थित कांग्रेस कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें पूर्व राष्ट्रीय सचिव एवं राष्ट्रीय पर्यवेक्षक बीरेंद्र राठौर ने संगठन सृजन अभियान की रूपरेखा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पर्यवेक्षक जनपद में करीब एक सप्ताह प्रवास करेंगे। इस दौरान 16 से 20 अगस्त तक जिले के सभी 13 ब्लॉकों का दौरा कर ब्लॉक अध्यक्षों एवं स्थानीय पदाधिकारियों से संवाद किया जाएगा। उन्होंने बताया कि संगठन की जमीनी स्थिति जानने के लिए समाजसेवियों, पत्रकारों और वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से भी मुलाकात की जाएगी। सभी स्तरों से प्राप्त जानकारी और सुझावों के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को सौंपी जाएगी। अभियान का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और सक्रिय कार्यकर्ताओं को संगठन में आगे बढ़ाने की प्रक्रिया को गति देना है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी ने कहा कि हर संगठन में मतभेद और विरोध की स्थिति हो सकती है, लेकिन उसे संसदीय भाषा और लोकतांत्रिक तरीके से व्यक्त किया जाना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने कार्यों का अवलोकन करने तथा संगठन को मजबूत करने के लिए नेतृत्व की जिम्मेदारी के लिए आगे आने का आह्वान किया। वहीं शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा ने कहा कि जिले में कांग्रेस मजबूत स्थिति में है और पार्टी कार्यकर्ताओं को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को राहुल गांधी के विचारों और उनके बताए मार्ग पर चलते हुए संगठन को मजबूत करने के लिए काम करना होगा। उन्होंने कहा कि शहर अथवा ग्रामीण कांग्रेस में किसी भी कार्यकर्ता को जिम्मेदारी मिले, उसे पूरी निष्ठा के साथ पार्टी को मजबूत करने और नेतृत्व के लक्ष्यों को पूरा करने में योगदान देना चाहिए। कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष युवक कांग्रेस कनिष्क पांडेय, प्रदेश उपाध्यक्ष राहुल राय, फ्रंटल संगठनों के चेयरमैन अवनीश सलूजा सहित जिले के विभिन्न पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।