Home उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष खरगे की रैली स्थल के ‘शुद्धिकरण’ के विरोध में कांग्रेस...

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे की रैली स्थल के ‘शुद्धिकरण’ के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन

राहुल गांधी पर एफआईआर को लेकर जताया आक्रोश
ज्वालागंज स्थित कांग्रेस कार्यालय से निकाला विरोध मार्च, भाजपा सरकार के खिलाफ लगाए नारे
FATEHPUR NEWS: उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद कथित तौर पर रैली स्थल के ‘शुद्धिकरण’ किए जाने और इस मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के विरोध में जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्वालागंज स्थित कांग्रेस कार्यालय से विरोध मार्च निकाला और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश द्विवेदी ने कहा कि भाजपा सरकार एक ओर स्वयं को दलितों और वंचित वर्गों का हितैषी बताती है, जबकि दूसरी ओर ऐसे कृत्यों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जो संविधान की भावना के विपरीत है। उन्होंने कहा कि यदि खरगे के कार्यक्रम स्थल का कथित रूप से शुद्धिकरण किया गया था तो इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए थी, लेकिन इसके बजाय राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई। वहीं शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरिफ गुड्डा ने आरोप लगाया कि इस घटना से भाजपा और आरएसएस की कथित छुआछूत की मानसिकता सामने आती है। उन्होंने कहा कि आजादी के 80 वर्ष पर भी ऐसी मानसिकता का बने रहना बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा छुआछूत और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। इस दौरान वरिष्ठ नेता शेख एजाज अहमद, सुधाकर अवस्थी, राजेंद्र लोधी, राजीव लोचन निषाद, इंजी. देवी प्रकाश दुबे, आदित्य श्रीवास्तव, पंडित राम नरेश महराज, सैयद सहाब अली, चौधरी मोइन राइन, निजामुद्दीन, ओम प्रकाश कोरी, अजय बच्चा, इशरत खान, राजू भाई, अब्दुल रज्जाक, उस्मान बेग, नजमी कमर, अमीरउजजमा खान, धर्मेंद्र सिंह, हम्माद हुसैन और नाजिम राइन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।