अकीदत और रूहानी माहौल में अदा हुई पहली नमाज, क्षेत्र की खुशहाली और अमन-चैन के लिए मांगी गई दुआ
PRAYAGRAJ NEWS: करेली क्षेत्र के गौस नगर में एसडीएम चैराहे के समीप स्थित नई मस्जिद मस्जिद-ए-अफजल का उद्घाटन (इफ्तिताह) जुमे के मुबारक दिन अकीदत और धार्मिक उल्लास के बीच संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में नमाजी मस्जिद में एकत्र हुए और पहली जुमे की नमाज अदा कर अल्लाह से क्षेत्र में अमन, भाईचारा और खुशहाली के लिए दुआएं मांगीं। जानकारी के अनुसार, इस मस्जिद के निर्माण का संकल्प समाजसेवी अफजल भाई ने कई वर्ष पहले लिया था। उनके अथक प्रयास, समर्पण और अल्लाह की रहमत से यह नेक कार्य मुकम्मल हो सका। उद्घाटन के अवसर पर मस्जिद परिसर में रूहानी माहौल देखने को मिला और नमाजियों के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ झलक रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मस्जिद न केवल इबादत का केंद्र बनेगी, बल्कि क्षेत्र में धार्मिक, सामाजिक और शैक्षिक गतिविधियों को भी नई दिशा देगी। इससे आसपास के लोगों को नमाज अदा करने और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। रमजान से पहले मुकम्मल होने ने आस-पास के लोगों के लिए नेकी का सबब बनेगी। उद्घाटन समारोह में सामाजिक कार्यकर्ता वहाज सिद्दीकी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मस्जिद की तरक्की और क्षेत्र में भाईचारे की मजबूती के लिए दुआ की।स्थानीय निवासियों ने अफजल भाई के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि मस्जिद का निर्माण क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए इबादत और सामाजिक एकता का केंद्र बनेगी।







