PRATAPGARH NEWS: करंट की चपेट में आने से युवक की मौत हो गयी। युवक के मौत की जानकारी होने पर परिजनो मे कोहराम मच गया। लालगंज कोतवाली के नया पुरवा निवासी कोमलचन्द्र का पुत्र उन्नीस वर्षीय अमित केसरवानी बुधवार को बाबा घुइसरनाथ धाम दर्शन करने गया था। वहां से लौटने के बाद सुबह करीब सात बजे वह घर में लगे नल पर हाथ मुंह धोने पहुंचा। यहां नल को छूते ही वह करंट की चपेट में आ गया। इसकी जानकारी होते ही परिजन उसे इलाज के लिए लालगंज ट्रामा सेण्टर ले आये। यहां परीक्षण के बाद चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बिना पीएम कराये शव का अंतिम संस्कार कर दिया। प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार का कहना है कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।







