मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश सहकारी कताई मिल फतेहपुर के कर्मचारियों ने अपनी लंबित देनदारियों के भुगतान की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा। कर्मचारियों ने वर्षों से लंबित भुगतान, भविष्य निधि (पीएफ), बोनस और पेंशन संबंधी समस्याओं का समाधान कराए जाने की मांग की है। ज्ञापन में कर्मचारियों ने बताया कि 54 हजार रुपये के भुगतान के संबंध में दिए जाने वाले शपथपत्र का उल्लेख केवल उसी धनराशि तक सीमित रखा जाए तथा अन्य देनदारियों पर इसका प्रभाव न पड़े। कर्मचारियों का आरोप है कि मिल प्रबंधन द्वारा भविष्य निधि की धनराशि संबंधित कार्यालय में जमा नहीं की गई, जिसके कारण श्रमिकों को पीएफ का भुगतान नहीं मिल पा रहा है। कर्मचारियों ने बताया कि वर्ष 1995-96 में केवल एक बार बोनस का भुगतान किया गया था, जबकि इसके बाद के वर्षों का बोनस आज तक नहीं दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि शासनादेश के अनुसार देय राशि पर 9.5 प्रतिशत की दर से ब्याज जोड़े जाने का प्रावधान है, लेकिन मुख्यालय स्तर पर इसे शामिल नहीं किया जा रहा है। कर्मचारियों ने ब्याज सहित भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि मिल में 20 से 25 वर्षों तक सेवा देने वाले अधिकांश श्रमिकों को वर्तमान में मात्र 800 से 900 रुपये मासिक पेंशन मिल रही है, जो वृद्धावस्था पेंशन के बराबर है। कर्मचारियों का कहना है कि इतनी कम राशि में परिवार का भरण-पोषण करना बेहद कठिन है। श्रमिकों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए लंबित देनदारियों का शीघ्र भुगतान कराया जाए तथा श्रमिक हित में आवश्यक आदेश जारी किए जाएं। ज्ञापन सौंपने के दौरान ओमप्रकाश गिहार, रंजीत सिंह, अनुज सिंह, रामस्वरूप, रमेश, शिवराम, राम सवारे, बद्री विशाल, प्रेम नारायण, विजय, मदन कुमार, रामखेलावन, पृथ्वी पाल सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।







