Home उत्तर प्रदेश कड़ा में प्रधानाचार्य लाल बहादुर मिश्र के सेवानिवृत्ति पर भव्य विदाई समारोह,...

कड़ा में प्रधानाचार्य लाल बहादुर मिश्र के सेवानिवृत्ति पर भव्य विदाई समारोह, छात्रों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

KAUSHAMBI NEWS:  कड़ा विकास खंड के अंतर्गत श्री मान सिंह इंटर कॉलेज, अलीपुरजीता में गुरुवार को विद्यालय के प्रधानाचार्य लाल बहादुर मिश्र के सेवानिवृत्त होने पर विद्यालय परिवार की ओर से शिव सभागार में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। मिश्र ने वर्ष 1989 में अपने शिक्षकीय जीवन की शुरुआत की थी और वर्ष 2019 में प्रधानाचार्य के रूप में कार्यभार संभाला था।
कार्यक्रम में स्वयं लाल बहादुर मिश्र मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अध्यक्षता इलाहाबाद डिस्ट्रिक्ट कोआपरेटिव बैंक के पूर्व अध्यक्ष एवं विद्यालय के पूर्व प्रबंधक ठाकुर सुघर सिंह ने की। संचालन शिक्षक शेष कुमार पाल ने किया। समारोह में उपस्थित लोगों ने सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य का फूल-माला एवं अंगवस्त्र पहनाकर सम्मान किया तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उनके परिजनों का भी विद्यालय परिवार द्वारा स्वागत-सम्मान किया गया। अपने संबोधन में लाल बहादुर मिश्र ने विद्यालय परिवार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि सभी मिलकर विद्यालय को जनपद का सर्वश्रेष्ठ विद्यालय बनाने में योगदान दें। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि छात्र देश के प्रतिष्ठित पदों पर पहुंचकर विद्यालय का नाम रोशन करें। जिला विद्यालय निरीक्षक ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके कार्यों की प्रगति धरातल पर दिखाई देती है। उन्होंने उनके सेवाकाल को शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। पूर्व प्रबंधक ठाकुर सुघर सिंह ने उन्हें चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम से पूर्व विद्यालय परिसर में संस्थापक-प्रबंधक शिव बचन सिंह एवं पूर्व प्रबंधक शिव सागर सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया गया। समारोह में शिक्षक विद्यासागर मौर्य के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समां बांध दिया। इस अवसर पर प्रबंधक वीना सिंह, नगर पंचायत दारानगर कड़ाधाम अध्यक्ष प्रतिनिधि अरुण केशरवानी, सह जिला विद्यालय निरीक्षक नीरज केशरी, जलपुरुष रणविजय निषाद, दूरबीन सिंह यादव, तेज बहादुर सिंह, डॉ रामकिरण त्रिपाठी, राहुल कुमार, धीरेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, प्रमोद सिंह, बृजेश कुमार यादव, राजाराम गर्ग, अजय मिश्रा, संतोष शुक्ला, अखिलप्रताप सिंह, मुन्ना सिंह, सुनील सिंह, रंजीत यादव, चंद्रिका मिश्रा, शमशाद आलम, दुष्यंत कुमार, रणविजय वर्मा, लक्षनपाल सिंह, गोवर्धन लाल मस्त, रामसिंह यादव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।