MIRZAPUR NEWS: जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के आदेश एवं अपर जिलाधिकारी (एफआर) अजय कुमार सिंह के निर्देश पर एसडीएम सदर गुलाब चंद्र ने जिगना थाना क्षेत्र के गोगांव व भोगांव स्थित गंगा नदी के कछुआ सेंचुरी क्षेत्र में छापेमारी की। एसडीएम सदर के साथ उप प्रभागीय वन अधिकारी मिर्जापुर, जिला खनन अधिकारी जितेंद्र सिंह तथा थानाध्यक्ष जिगना संजय सिंह की मौजूदगी में संयुक्त अभियान चलाया गया। छापेमारी की कार्रवाई होते ही गंगा नदी में अवैध खनन में संलिप्त दर्जनों नाविक अपनी नावें छोड़कर फरार हो गए। पुलिस, वन एवं खनन विभाग की टीम के साथ एसडीएम सदर ने कछुआ सेंचुरी क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया। एसडीएम सदर ने वन विभाग, खनन अधिकारी एवं जिगना पुलिस को निर्देशित किया कि मा. सर्वोच्च न्यायालय द्वारा घोषित कछुआ सेंचुरी क्षेत्र में अवैध खनन कर रहे नाविकों को चिन्हित कर उनकी नावों को जब्त किया जाए तथा संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि गंगा की तलहटी में घोषित कछुआ सेंचुरी क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित नावों एवं खनन में लिप्त पाए गए सभी वाहनों को जब्त कर वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
एसडीएम सदर ने थानाध्यक्ष जिगना को निर्देश दिया कि कछुआ सेंचुरी क्षेत्र की गंगा तराई में अवैध खनन करने वालों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही एसडीओ फॉरेस्ट, मेजा को भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इस दौरान उपवन अधिकारी शेख मुअज्जम, वन दरोगा अनुपम पांडेय, वन क्षेत्राधिकारी के.के. सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।







