Home उत्तर प्रदेश औरैया में हैरान कर देने वाला मामला ‘मरी हुई’ नवविवाहिता दो साल...

औरैया में हैरान कर देने वाला मामला ‘मरी हुई’ नवविवाहिता दो साल बाद जीवित बरामद

दो साल पहले ससुराल वालों पर हुआ था दहेज हत्या का केस दर्ज AURAIYA NEWS: जनपद से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शादीशुदा महिला को पुलिस ने मध्य प्रदेश से जीवित बरामद किया है, जिसे परिजनों ने दो साल पहले मृत मान लिया था और पति सहित ससुराल पक्ष के छह लोगों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। मामला कोतवाली क्षेत्र के गांव पढ़ीन की मड़ैया का है। करीब 20 वर्षीय विवाहिता की शादी के लगभग डेढ़ साल बाद वह अचानक रहस्यमय परिस्थितियों में अपनी ससुराल से गायब हो गई थी। परिजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। निराश होकर 23 अक्टूबर 2023 को मायके पक्ष ने गुमशुदगी दर्ज कराई। लंबे समय तक जानकारी न मिलने पर परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए अदालत में अर्जी डाली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने पति समेत छह ससुराल वालों पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की।मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच सीओ सिटी औरैया को सौंपी गई। विवेचना के दौरान एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया गया। लगातार तकनीकी प्रयासों और खुफिया इनपुट के आधार पर महिला की लोकेशन मध्य प्रदेश में मिली। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दबिश दी और विवाहिता को सकुशल बरामद कर लिया। क्षेत्राधिकारी सदर अशोक कुमार सिंह ने बताया कि विवाहिता लगभग दो साल से लापता थी। इस दौरान मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। अब पुलिस ने महिला को बरामद कर औरैया लाई है। उससे पूछताछ की जा रही है और बयान दर्ज करने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस सनसनीखेज खुलासे से पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। लोग यह जानने को उत्सुक हैं कि आखिर विवाहिता दो साल से कहां थी और किस परिस्थिति में वह मध्य प्रदेश पहुंची। पुलिस ने बताया कि कि बरामद महिला से पूछताछ की जा रही है जिसके बाद ही घटना का खुलासा हो सकेगा।