समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी, किसानों की अनदेखी पर जताई नाराजगी
PRAYAGRAJ NEWS: क्षेत्र में हाल ही में हुई भारी ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को हुए नुकसान को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। सपा नेताओं ने जिलाधिकारी प्रयागराज को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार कोरांव विनय बरनवाल को सौंपकर शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग की। ज्ञापन विधानसभा अध्यक्ष सोमदत्त सिंह पटेल एवं जिला पंचायत सदस्य के नेतृत्व में सौंपा गया। इस दौरान सपा नेताओं ने कहा कि ओलावृष्टि से किसानों की फसलें बर्बाद हो गई हैं, वहीं कई स्थानों पर विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण शॉर्ट सर्किट से आग लगने की घटनाओं में भी फसलें जलकर नष्ट हो गईं। इसके बावजूद तहसील प्रशासन द्वारा राहत कार्यों में लापरवाही बरती जा रही है और किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिल पा रहा है।सपा नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि शादी-विवाह के सीजन में एलपीजी गैस की भारी किल्लत हो रही है। गैस की कालाबाजारी के कारण आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन आपूर्ति विभाग इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है, जिससे दोषियों के हौसले बुलंद हैं।नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया और गैस किल्लत पर रोक नहीं लगी, तो समाजवादी पार्टी जनहित में व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। इस अवसर पर रामानुज यादव, मेहताब खान, नगर अध्यक्ष शहादत अली, पवन सोनकर, अश्वनी पटेल, अभिषेक तिवारी, रोहणी प्रसाद पाल (एडवोकेट), महाकाल, नौशाद अंसारी, दीपक पटेल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।







