SONBADHR NEWS: जुगैल थाना क्षेत्र में मेसर्स ओमैक्स मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर सचिन अग्रवाल के खिलाफ धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई चंदन दुबे की ओर से न्यायालय में दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर की गई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि ग्राम खेवन्धा, थाना जुगैल, तहसील ओबरा स्थित करीब 7 हेक्टेयर क्षेत्र में बालू/मोरंग के पांच वर्षीय खनन पट्टे से संबंधित दस्तावेजों में अनियमितता और फर्जीवाड़ा किया गया। खनन पट्टा 9 जनवरी 2023 से 8 जनवरी 2028 तक के लिए स्वीकृत हुआ था और इसकी रजिस्ट्री 23 जनवरी 2023 को हुई।शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि सचिन अग्रवाल ने 14 नवंबर 2022 को डायरेक्टर पद से इस्तीफा दे दिया था, इसके बावजूद 23 जनवरी 2023 को खनन पट्टे की रजिस्ट्री के दौरान स्वयं को कंपनी का डायरेक्टर बताते हुए दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए और फोटो भी कराई। शिकायतकर्ता ने ये भी आरोप लगाया कि पद पर न रहते हुए डायरेक्टर के रूप में हस्ताक्षर कर सरकारी दस्तावेजों में कूटरचना की गई, जिससे खनन पट्टे की रजिस्ट्री की वैधता पर भी सवाल उठता है। इस संबंध में खनिज विभाग और संबंधित अधिकारियों को भी सही जानकारी नहीं दी गई। मामले में जुगैल थाना पुलिस ने धारा 318(4) और 319(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।







