Home अमेठी ऑपरेशन के बाद किशोर की मौत, स्वजन ने लगाया डॉक्टरों पर लापरवाही...

ऑपरेशन के बाद किशोर की मौत, स्वजन ने लगाया डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप

AMETHI NEWS: मुंशीगंज कस्बा स्थित संजय गांधी अस्पताल में बुधवार दोपहर उपचार के दौरान 17 वर्षीय मरीज की मौत हो गई। इसके बाद स्वजन ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया और कार्रवाई का आश्वासन दिया। थाना गौरीगंज क्षेत्र के बलभद्रपुर गांव निवासी कपिल सरोज का पिछले रविवार को संजय गांधी अस्पताल में हृदय के वाल्व का ऑपरेशन किया गया था। स्वजन का कहना है कि सर्जरी के बाद उचित देखभाल न होने से बुधवार को उसकी मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टरों और अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है। घटना की सूचना पर मुंशीगंज कोतवाल शिवाकांत त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।