बदलते दौर में एआई के साथ खुद को अपडेट करें : ऋषिकेश कौशिक
VARANASI NEWS: स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज़ में सत्र 2026 के लिए बीबीए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का शुभारंभ भव्य उद्घाटन सत्र के साथ हुआ। कार्यक्रम ने नए विद्यार्थियों की अकादमिक यात्रा के लिए उत्साहजनक वातावरण तैयार किया। प्रो. पी. एन. झा, निदेशक, एसएमएस वाराणसी, ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि बीबीए केवल प्रबंधन की पढ़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों को उद्योग जगत की बदलती जरूरतों के अनुरूप तैयार करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने विद्यार्थियों से कक्षा में सीखने के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव, नई तकनीकों और उद्योग की बदलती प्रवृत्तियों को समझने पर जोर दिया। बीबीए ओरिएंटेशन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ऋषिकेश कौशिक, मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ, मून इनश्योरेंस ब्रोकर्स प्राइवेट लिमिटेड, नॉएडा ने कहा कि अनुशासन, निरंतर सीखने की आदत और बदलती तकनीक के साथ स्वयं को अपडेट रखना सफलता की कुंजी है। उन्होंने बीबीए को विद्यार्थियों के लिए प्रबंधन, नेतृत्व एवं व्यावसायिक कौशल विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। एआई के बढ़ते प्रभाव पर उन्होंने विद्यार्थियों को आगाह करते हुए कहा कि एआई आपकी नौकरी नहीं लेगा, लेकिन जो एआई का बेहतर उपयोग करना जानता होगा, वह आपको जरूर रिप्लेस कर देगा। उन्होंने विद्यार्थियों से तकनीक को चुनौती नहीं, बल्कि अपने कौशल को बेहतर बनाने के अवसर के रूप में अपनाने का आह्वान किया। कौशिक ने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, समय के सदुपयोग, अनुशासन और नई तकनीकों को सीखने की आदत विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के उद्यमी, प्रबंधक और नेतृत्वकर्ता होंगे, इसलिए उन्हें अपने ज्ञान के साथ-साथ व्यवहारिक एवं तकनीकी दक्षताओं पर भी समान रूप से ध्यान देना चाहिए। इस अवसर पर संस्थान की प्रस्तावना एसोसिएट प्रोफ़ेसर वीरेश त्रिपाठी ने प्रस्तुत किया। प्रो. संदीप सिंह, विभागाध्यक्ष, प्रबंधन एवं जनसंचार विभाग ने बीबीए पाठ्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। बीबीए ओरिएंटेशन का संचालन डॉ. सोफिया खान ने किया एवं डॉ. रोहित मेहता, समन्वयक-बीबीए ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर अधिशासी सचिव डॉ. एम. पी. सिंह, कुलसचिव संजय गुप्ता, डॉ. खुशबू कुमार, डॉ. तेजस यदुवंशी, डॉ अंजनी कुमार राय सह-समन्वयक-बीबीए सहित संस्थान के सभी प्राध्यापक उपस्थित रहे।
Home उत्तर प्रदेश एस.एम.एस. में बीबीए के ओरिएंटेशन कार्यक्रम में नवागंतुक विद्यार्थियों में दिखा उत्साह







