सर्विस रोड की पांच सौ मीटर तक भरा पानी
FATEHPUR NEWS: एनएचएआई की सर्विस रोड पर जलभराव ने आमजन की परेशानियों को बढ़ा दिया है। बारिश के बाद पानी भरने से स्कूल जाने वाले बच्चों, दुकानदारों और दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों को आवागमन करने के कठिनाई हो रही है।
कानपुर – प्रयागराज हाईवे के रेवाड़ी चौराहे की सर्विस रोड पर जलभराव ने आमजन की मुश्किलें बढ़ा दी है। हाल ही में हुई बारिश के बाद सर्विस रोड पर पानी भर गया है, जिससे सैकड़ों लोगों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, रेवाड़ी अंडरपास और मलवा से रेवाड़ी आने वाली सर्विस रोड पर पानी महीनों से भरा हुआ है। साइड में बना नाला चोक है। गंदा पानी भरा होने से भयंकर दुर्गंध आती है जिससे लोगों को बीमार होने की आशंका बनी हुई है। इस गंभीर समस्या को देखते हुए समाजसेवी अजीत कुमार सैनी ने जिलाधिकारी को पत्र लिख कर सर्विस रोड पर भर रहे गंदे पानी को निकलवाए जाने एवं साथ एनएचएआई द्वारा बनवाए गए अधनिर्मित नाले को पूर्ण करवाए जाने की मांग की है। शिकायतकर्ता अजीत कुमार सैनी ने बताया कि एनएचआई और सम्बंधित विभागों की लापरवाही के कारण सर्विस रोड के किनारे बने नालों की सफाई नहीं हो रही है और जलनिकासी पूरी तरह बाधित हो गई है। सबसे अधिक दिक्कत स्कूल जाने वाले बच्चों, दुकानदारों और दफ्तर आने – जाने वाले कर्मचारियों को हो रही है। बारिश होते ही सर्विस रोड कीचड़ और गंदे पानी से लबालब हो जाती है जिससे बाइक और साइकिल सवार अक्सर फिसलकर गिर रहे हैं। एन एच ए आई के पी डी पंकज यादव ने बताया कि समस्या की जानकारी नहीं है। क्षेत्र के अधिकारियों से बात करके समस्या जल्द हल कराई जाएगी।







