Home उत्तर प्रदेश एक राखी बुंदेलखंड के नाम अभियान से पीएम को भेजी गई राखियाँ...

एक राखी बुंदेलखंड के नाम अभियान से पीएम को भेजी गई राखियाँ और पत्र

बुंदेलखंड राष्ट्र समिति द्वारा राज्य निर्माण हेतु चल रहा अभियान पहुंचा 29वें दिन में

FATEHPUR NEWS: बुंदेलखंड राष्ट्र समिति के नेतृत्व में चल रहा ऐतिहासिक जनजागरण अभियान “एक राखी प्रधानमंत्री जी के नाम – राखी-पाती भेजो” गुरुवार को 29वें दिन खखरेरू नगर के सरस्वती ज्ञान मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं और बहनों ने सैकड़ों राखियाँ और पत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजकर पृथक बुंदेलखंड राज्य की मांग को सशक्त स्वर प्रदान किया। इस अभियान के अंतर्गत पत्र में भावनात्मक अपील करते हुए लिखा “प्रधानमंत्री अंकल! इस बार रक्षा बंधन पर हमें मिठाई या कपड़े नहीं, बल्कि बुंदेलखंड राज्य का उपहार चाहिए। हमारी रक्षा कीजिए, हमारे हक को पहचान दीजिए।”
कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे बुंदेलखंड राष्ट्र समिति के केंद्रीय अध्यक्ष प्रवीण पाण्डेय बुंदेलखंडी ने कहा “बुंदेलखंड अब मौन नहीं हैं, वे अपने अधिकार के लिए संगठित होकर संघर्ष कर रही है। यह अभियान अब जनभावना का विस्फोट है, जिसे कोई ताकत अनसुना नहीं कर सकती। प्रधानमंत्री को इन राखियों की आवाज सुननी ही होगी।”
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष व सभासद कोमल मोदनवाल ने कहा “यह अभियान अब घर-घर की बात बन चुका है। बहनों की यह अपील किसी एक पार्टी या सरकार के लिए नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम के लिए चेतावनी है कि अगर न्याय नहीं मिला, तो आंदोलन और तेज होगा। कुलदीप तिवारी ने कहा “सरस्वती ज्ञान मंदिर की छात्राओं ने यह साबित कर दिया कि बुंदेलखंड की नई पीढ़ी भी अब अपने अधिकार के लिए सजग और संगठित है। प्रधानमंत्री को इस आवाज को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।”विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और अभिभावकों ने भी इस अभियान का समर्थन करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि बुंदेलखंड को उसका संवैधानिक हक मिले। उल्लेखनीय है कि यह अभियान पिछले 29 दिनों से बुंदेलखंड के सभी जिलों में गांव-गांव, स्कूल-स्कूल और मोहल्लों तक चलाया जा रहा है, जिसमें हज़ारों बहनों और बच्चियों ने प्रधानमंत्री को राखी और पाती भेजकर पृथक बुंदेलखंड राज्य की मांग की है।