संस्थान में दी जाने वाली शिक्षा से रुबरु हुए पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय चेतनीपुर के बच्चे
BHADOHI NEWS: पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय चेतनीपुर के छात्र-छात्राओं का दल मंगलवार को राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत एक्स्पोजर विजिट के लिए भारतीय कालीन प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईसीटी) भदोही के लिए रवाना हुआ। एआरपी मुकेश सिंह ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान एक्सपोजर विजिट में विद्यालय के कक्षा 6 से 8 तक के कुल 60 बच्चे शामिल रहे। भारतीय कालीन प्रोद्योगिकी संस्थान (आईआईसीटी) में पहुंचने के बाद छात्र-छात्राओं ने पूरे संस्थान का भ्रमण किया। जहां पर दी जाने वाली बी-टेक की शिक्षा के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी प्राप्त की। साथ ही कालीन की डिजाइनिंग और बुनाई कला आदि से वे रुबरु हुए। भ्रमण के दौरान सभी छात्र-छात्राएं काफी उत्साहित दिखे। सभी बच्चों को विजिट के लिए एक टूर किट की व्यवस्था की गई थी। जिसमें उनके लिए लंच पैकेट पेयजल, स्नैक्स, बिस्किट आदि रखा गया था। इस मौके पर प्रधानाध्यापक दयाराम, एलएलएफ के ब्लॉक एकेडमी को-आर्डिनेटर हनुमान प्रसाद, जमशेद आलम, मो.इस्लाम, महेंद्र प्रसाद, सुरेशचंद्र तिवारी, वीरेंद्र प्रताप, दिनेशचंद्र, संतोष पटेल, अनिल वर्मा व अनिल कुमार, ओमप्रकाश व रामनयन आदि शिक्षक प्रमुख रूप से मौजूद रहे।







