JAUNPUR NEWS: ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश (जौनपुर इकाई) की बैठक में पत्रकारों की एकजुटता और संगठन की मजबूती साफ दिखाई दी। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संजय अस्थाना ने की। उन्होंने कहा कि एकता और अनुशासन किसी भी संगठन की नींव होती है। कितनी भी बड़ी समस्या क्यों न हो, एकता की शक्ति के आगे छोटी साबित होती है। ग्रापए का हर सदस्य संगठन का अभिन्न हिस्सा है, और यदि किसी सदस्य पर संकट आता है, तो पूरा संगठन उसके साथ खड़ा रहेगा। संरक्षक राकेश श्रीवास्तव ने कहा कि संगठन से जुड़ना एक मजबूत स्तंभ से जुड़ने जैसा है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के पत्रकारों के कार्यों की सराहना करते हुए जनहित के मुद्दों को और गंभीरता से उठाने पर बल दिया। वहीं, उपाध्यक्ष प्रमोद जायसवाल, प्रदीप पांडेय, दयाशंकर निगम और बृजराज चौरसिया ने भी अपने विचार रखे। संगठन मंत्री प्रशांत विक्रम सिंह ने सदस्यता अभियान को और तेज करने की बात कही। बैठक में सदस्यों का समूह बीमा कराने और एक दिन का सेमिनार आयोजित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही यह तय हुआ कि आगामी 16 सितंबर को भारी संख्या में उपस्थित होकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा।







