Home उत्तर प्रदेश उसका बाजार में 6.87 करोड़ से बनेगा आधुनिक थाना भवन, प्रभारी मंत्री...

उसका बाजार में 6.87 करोड़ से बनेगा आधुनिक थाना भवन, प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने किया शिलान्यास

SIDHARTHNAGAR NEWS: जनपद के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के श्रम व सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने शनिवार को थाना उसका बाजार में 687.56 लाख रुपये की लागत से बनने वाले तीन मंजिला (जी+2) प्रशासकीय भवन का भूमिपूजन व शिलापट अनावरण कर शिलान्यास किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह मौजूद रहे। समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरे देश में नजीर बन चुकी है और अन्य राज्य भी इसका अनुसरण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने पुलिस को आधुनिक संसाधनों और तकनीक से लैस करते हुए पूर्ण स्वतंत्रता दी है, जिससे प्रदेश में भयमुक्त माहौल बना है, निवेश आ रहा है और महिलाएं रात में भी सुरक्षित महसूस कर रही हैं। यह प्रशासनिक भवन बनने के बाद उसका बाजार एक मॉडल थाने के रूप में विकसित होगा। भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या ने कहा कि सरकार सुरक्षा के साथ-साथ निःशुल्क राशन, आवास, गैस व बिजली जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं से हर वर्ग को लाभान्वित कर रही है। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने जिले में चल रहे कंपोजिट विद्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों के विकास कार्यों की जानकारी दी, वहीं एएसपी प्रशांत कुमार प्रसाद ने भवन निर्माण की रूपरेखा प्रस्तुत की। सीडीओ बलराम सिंह ने सभी अतिथियों का आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सीमा मिश्रा ने किया। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान, जिला उपाध्यक्ष आशीष शुक्ला, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि हेमंत जायसवाल सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।