Home उत्तर प्रदेश उमा महेश्वर धाम में भारी संख्या में लोगों ने किया जलाभिषेक

उमा महेश्वर धाम में भारी संख्या में लोगों ने किया जलाभिषेक

59
0

सोनभद्र : श्रावण मास के चौथे व अंतिम सोमवार को द्वितीय काशी के नाम से सुप्रसिद्ध गुप्तकाशी शिवद्वार मंदिर में उमा महेश्वर के दर्शन-पूजन व जलाभिषेक के लिए 50 हजार कावरियों समेत सवा लाख की संख्या मे श्रद्धालु पहुंचे। रविवार की रात से लेकर सोमवार की शाम तक लगभग एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में मत्था टेक आशीर्वाद लिया। जिसमे लगभग 45 हजार से ज्यादा बोलबम कावरिया तथा 5 हजार डाक बम भी शामिल रहे। बोल बम के जय उद्घोष से क्षेत्र गूंज उठा। सर्वत्र जोगिया रंग दिखता रहा। भोर में मंदिर के पुजारियो ने शिव पार्वती की प्रतिमा को दुग्ध व गंगाजल से स्नान कराया। बेलपत्र, रुद्राक्ष, वस्त्र एवं मुकुट पहनाकर श्रृंगार किया। बेला का गजरा, बेलपत्र की लताओं, पुष्पों से श्रृंगार करने के बाद पीला वस्त्र धारण कर, सिर पर जोगिया रंग का साफा लगाकर बाबा भोलेे बड़े ही मनमोहक दिखे। मंगला आरती कर गर्भगृह का कपाट श्रद्धालुओं को दर्शन पूजन के लिए पुजारी ने खोल दिया। श्रद्धालु मंदिर मे उमा महेश्वर के दिव्य रूप का दर्शन किए, शिवलिंग पर जलाभिषेक कर वंदन पूजन कर आशीर्वाद लिए।
मिर्जापुर के शहर बरियाघाट से व मिर्जापुर देहात क्षेत्र से पवित्र गंगा जल भरकर तथा सोनभद्र के विजयगढ़ दुर्ग के रामसरोवर से जल भर कर शनिवार की शाम से नंगेे पांव 70 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए कांवरियो की टोली भक्ति में मस्त होकर शिवद्वार में रविवार की देर रात व सोमवार की भोर तक उमा महेश्वर के दरबार में पहुंची। सैकड़ों की संख्या में बाइक पर सवार होकर जोगिया वस्त्र धारण किए हुए बाइक बम श्रद्धालुओं ने भी बाबा के दरबार में मत्था टेक आशीर्वाद लिया। मंदिर में कांवरियों के भारी भीड़ रही।