Home उत्तर प्रदेश उद्योग बंधु की बैठक: पोर्टल पर लंबित फाइलों को देख cdo ने...

उद्योग बंधु की बैठक: पोर्टल पर लंबित फाइलों को देख cdo ने जताई नाराजगी

स्वरोजगार योजनाओं में ऋण वितरण में तेजी लाने के निर्देश
KUSHINAGAR NEWS: मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु एवं इन्वेस्टर समिट की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में उद्यमियों की समस्याओं के निस्तारण में हो रही देरी पर मुख्य विकास अधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने दो टूक कहा कि विकास कार्यों और निवेश के प्रस्तावों में हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वही बिजली विभाग की लापरवाही पर भी नाराजगी बैठक में उद्यम पब्लिक स्कूल के पास लटकते बिजली के तारों का मुद्दा छाया रहा। मुख्य विकास अधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा से समझौता नहीं होगा, तारों को तत्काल दुरुस्त किया जाए। वहीं, मे. विशाल ट्रेडिंग के संयोजन में मीटर न लगने और सरगटिया औद्योगिक संस्थान में ट्रांसफार्मर की समस्या को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
वही मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि अतिक्रमण मुक्त होंगे औद्योगिक मार्ग फाजिलनगर और जईछपरा में औद्योगिक इकाइयों के संपर्क मार्ग पर ग्रामीणों द्वारा किए गए अतिक्रमण की शिकायत पर मुख्य विकास अधिकारी ने राजस्व और नगर पंचायत के अधिकारियों को पुलिस बल के साथ मौके पर जाकर पैमाइश करने और मार्ग को तत्काल खाली कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि उद्यमियों को इकाई संचालन में कोई बाधा नहीं होनी चाहिए।
निवेश और रोजगार पर जोर
बैठक में बताया गया कि GBC-5.0 के तहत जिले को 1200 करोड़ के निवेश का लक्ष्य मिला है, जिसके सापेक्ष अब तक लगभग 584 करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर उतारने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (युवा) के तहत बैंकों को भेजे गए आवेदनों पर मुख्य विकास अधिकारी ने एलडीएम को निर्देश दिया कि ऋण वितरण की प्रक्रिया को सरल और त्वरित बनाया जाए ताकि युवाओं को समय पर स्वरोजगार मिल सके।
निवेश मित्र पोर्टल की समीक्षा
पोर्टल पर समय सीमा के बाद भी लंबित 4 मामलों और 36 अन्य आवेदनों पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों से स्पष्टीकरण मांगा। उन्होंने कहा कि फाइलों को लटकाने की प्रवृत्ति छोड़ें और निवेश मित्र पोर्टल पर आवेदनों का निस्तारण ‘जीरो पेंडेंसी’ के सिद्धांत पर करें। बैठक में उपायुक्त उद्योग, अधिशासी अभियंता विद्युत, पीडब्ल्यूडी के अधिकारी और जनपद के प्रमुख उद्यमी उपस्थित रहे।