महिला आयोग उपाध्यक्ष श्रीमती चारू चौधरी ने पीड़ित महिलाओं की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को 7 दिवस में आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश
KUSHINAGAR NEWS: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग द्वारा प्रदेश में महिला उत्पीड़न की रोकथाम एवं पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाए जाने के उद्देश्य से महिला जनसुनवाई एवं निरीक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को उ०प्र० राज्य महिला आयोग, लखनऊ की उपाध्यक्ष चारू चौधरी की अध्यक्षता में जनपद कुशीनगर के सदर तहसील पडरौना में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान महिला उत्पीड़न से संबंधित विभिन्न प्रकरणों की सुनवाई की गई तथा पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में आशुतोष, उप जिलाधिकारी पडरौना, डॉ० आर०डी० कुशवाहा, उप मुख्य चिकित्साधिकारी, राजेश कुमार, नायब तहसीलदार पडरौना, अमित कुमार चौहान, खण्ड शिक्षा अधिकारी, श्रीमती मुन्नी सिंह, आई०सी०डी०एस०, गुलाब यादव, प्रभारी प्रबंधक एवं बाल विकास, जंग बहादुर, निरीक्षक, प्रिंसी पाण्डेय, उप निरीक्षक, के०के० मिश्रा, जे०ई० डी०आर०डी०ए०, अरविन्द कुमार दूबे, जिला प्रोबेशन अधिकारी, नलिन सिंह, डी०एम०सी०, रीता यादव, सेंटर मैनेजर, बन्दना कुशवाहा, प्रीति सिंह, राजू कुमार, हिमालय कुशवाहा सहित समाज कल्याण विभाग एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। उपाध्यक्ष द्वारा जनसुनवाई के दौरान राशन कार्ड, जननी सुरक्षा योजना, पुष्टाहार, पुलिस विभाग, आवास एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई।
जनसुनवाई में कुल 31 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व विभाग के 7, पुलिस विभाग के 2, राशन कार्ड से संबंधित 2, समाज कल्याण विभाग के 3, दिव्यांगजन कल्याण विभाग का 1, जल निगम का 1, जिला ग्राम्य विकास विभाग के 3, खण्ड विकास विभाग के 10 तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी से संबंधित 1 प्रकरण शामिल रहे। इनमें से 08 मामलों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष 23 प्रकरण संबंधित विभागों को प्रेषित करते हुए 7 दिवस के भीतर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। तदोपरान्त उपाध्यक्ष चारू चौधरी द्वारा वन स्टॉप सेंटर, कुशीनगर एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, पडरौना का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया। उपाध्यक्ष ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं वन स्टॉप सेंटर की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए विद्यालय में आवासित बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य हेतु प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सामान्य ज्ञान की पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।





