FATEHPUR NEWS: आगामी पर्व ईद-उल-फितर के दृष्टिगत जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में मंगलवार को जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक फ्लैग मार्च किया गया। यह फ्लैग मार्च थाना मलवां, जहानाबाद, जाफरगंज, थरियांव और धाता क्षेत्रान्तर्गत मिश्रित आबादी वाले इलाकों में निकाला गया। मार्च का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना तथा त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराना रहा। अपर पुलिस अधीक्षक महेन्द्र पाल सिंह के नेतृत्व में थाना मलवां क्षेत्र में स्थानीय पुलिस बल के साथ संवेदनशील इलाकों, प्रमुख मार्गों, बाजारों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर फ्लैग मार्च किया गया। इस दौरान पुलिस बल ने पैदल गश्त कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और त्योहार को भाईचारे के साथ मनाने का संदेश दिया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित करते हुए अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। साथ ही, सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने से बचने की भी सलाह दी गई। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारीगणों द्वारा अपने-अपने सर्किल के थाना क्षेत्रों में भी फ्लैग मार्च कर मिश्रित आबादी वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई। पुलिस बल की मौजूदगी से बाजारों और आवासीय क्षेत्रों में लोगों ने सुरक्षा का एहसास किया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फतेहपुर पुलिस का यह अभियान न केवल सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर रहा है, बल्कि आमजन में विश्वास और सौहार्द का वातावरण भी स्थापित कर रहा है।







