Home उत्तर प्रदेश इश्क की आग में जली बीडीओ की सरकारी व निजी गाड़ियां, पुलिस...

इश्क की आग में जली बीडीओ की सरकारी व निजी गाड़ियां, पुलिस टीम ने किया खुलासा,आरोपी सलाखों के पीछे

KUSHINAGAR NEWS: कुशीनगर नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के अस्थायी निजी आवास पर खड़े सरकारी व निजी वाहनों में आगजनी की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने महज तीन दिनों में सफल अनावरण कर बेहतरीन पुलिसिंग का उदाहरण पेश किया है। त्वरित, सटीक और तकनीकी जांच के दम पर पुलिस ने न केवल आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा,बल्कि घटना के पीछे की पूरी साजिश को भी सामने ला दिया। वाराणसी जिले के ग्राम कठीराव निवासी रामखेलावन राम वर्तमान में नेबुआ नौरंगिया ब्लॉक में खंड विकास अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। ब्लॉक परिसर स्थित सरकारी आवास में मरम्मत कार्य चलने के कारण वह रामपुर खुर्द गांव में जगदीश लाल श्रीवास्तव के मकान में अस्थायी रूप से निवास कर रहे थे। गुरुवार की रात जिला मुख्यालय से बैठक कर लौटने के बाद बीडीओ अपने कमरे में सो गए थे। इसी दौरान रात लगभग 12 बजे दरवाजे के बाहर खड़ी सरकारी बोलेरो और निजी वैगनआर में किसी अज्ञात व्यक्ति ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई। बीडीओ की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एसपी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक चंद्रभूषण प्रजापति के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम में दरोगा संदीप यादव, कांस्टेबल यसवंत यादव, अश्वनी कुमार, संदीप कुमार और दीपक कुमार शामिल थे। पुलिस टीम ने सर्विलांस की मदद से बीडीओ,खाना बनाने वाली लड़की और उसके प्रेमी के मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगाली, जिसके बाद घटना की परतें एक-एक कर खुलती चली गईं।जांच के दौरान खाना बनाने वाली लड़की के प्रेमी गोलू यादव को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसकी प्रेमिका बीडीओ के यहां भोजन बनाने का कार्य करती थी, जो उसे स्वीकार नहीं था। उसका आरोप था कि बीडीओ उसे अपने आवास में अकेले रात में रखते थे, जिससे वह मानसिक रूप से आहत और आक्रोशित था। इसी आक्रोश में उसने अपनी बाइक से पेट्रोल निकालकर दोनों वाहनों पर छिड़काव किया और आग लगा दी। घटना से पहले उसने अपने घरवालों से रिश्तेदारी में जाने की बात कही थी, लेकिन वह रिश्तेदारी न जाकर सरेह में रुका और वारदात को अंजाम दे दिया।घटना का तीन दिन के भीतर खुलासा करने पर पुलिस अधीक्षक केशव कुमार, क्षेत्राधिकारी विरेंद्र सिंह तथा पूरी पुलिस टीम की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शेषनाथ यादव, ग्राम प्रधान संतोष तिवारी, एडवोकेट रामवृक्ष यादव, अरूण शुक्ल, शैलेश तिवारी, विजय यादव सहित अन्य क्षेत्रीय लोगों ने इसे पुलिस का “गुड वर्क” बताते हुए कहा कि जिले के ईमानदार एसपी के नेतृत्व में स्थानीय थाने की पुलिस बेहतरीन कार्य कर रही है। यदि इसी प्रकार हर थाने पर सक्रिय और निष्पक्ष पुलिसिंग हो, तो अपराध पर निश्चित रूप से अंकुश लगेगा। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक चंद्रभूषण प्रजापति ने बताया कि आरोपी ने अपना उक्त अपराध स्वयं स्वीकार किया है, जिसके आधार पर उसे विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।