Home उत्तर प्रदेश इंस्टाग्राम पर मिली धमकी से घबराया युवक 110 फीट ऊंचे मोबाइल टावर...

इंस्टाग्राम पर मिली धमकी से घबराया युवक 110 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ा

घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा, उतरते ही युवक हुआ फरार
FATEHPUR NEWS: नगर पंचायत असोथर में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक इंस्टाग्राम पर मिली कथित धमकी से घबराकर करीब 110 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही मौके पर परिजनों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। करीब चार से पांच घंटे तक पुलिस और परिजन युवक को नीचे उतारने के लिए समझाते रहे। बताया जा रहा है कि लखन नाम के युवक को इंस्टाग्राम पर किसी अज्ञात व्यक्ति की ओर से मैसेज भेजकर धमकी दी जा रही थी कि उसके घर पुलिस पहुंचेगी। इस धमकी से भयभीत युवक सुबह करीब आठ बजे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और काफी देर तक नीचे उतरने से इनकार करता रहा। घटना की सूचना मिलते ही असोथर थाना प्रभारी राजीव मिश्रा पुलिस बल और फायर ब्रिगेड टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। इस दौरान युवक के परिजन नीचे खड़े होकर उससे टावर से नीचे उतरने की लगातार अपील करते रहे। थाना प्रभारी राजीव मिश्रा ने लाउडस्पीकर के माध्यम से युवक से बातचीत की और उसे भरोसा दिलाया कि वह सुरक्षित नीचे उतर आए। उन्होंने युवक को आश्वासन दिया कि उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी और उसकी समस्या को समझकर समाधान कराया जाएगा। काफी प्रयासों और समझाने-बुझाने के बाद करीब चार से पांच घंटे के हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद दोपहर लगभग 12:30 बजे युवक टावर से नीचे उतर आया। हालांकि, नीचे आते ही उसने वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और लोगों को चकमा दिया और मौके से भाग निकला। पुलिस ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया। फिलहाल पुलिस युवक की तलाश में जुटी है। साथ ही इंस्टाग्राम पर युवक को धमकी देने वाले अज्ञात व्यक्ति के संबंध में भी जांच की जा रही है। घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस के मुताबिक़ युवक के ऊपर थाना असोथर में ही चोरी के 4 मुक़दमे दर्ज हैं।