KAUSHAMBI NEWS: बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के दरियापुर गांव में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के बाहर आम के पेड़ पर एक युवक का शव गमछे के सहारे फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान दरियापुर गांव निवासी कमलेश (40) पुत्र शिव बालक के रूप में हुई है। बताया गया कि कमलेश मंगलवार सुबह करीब आठ बजे घर से निकला था। करीब नौ बजे ग्रामीणों ने गांव के बाहर आम के पेड़ पर उसका शव लटका देखा। जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल रहा। ग्रामीणों ने तत्काल बिंदकी कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को पेड़ से नीचे उतरवाया और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।







