Home उत्तर प्रदेश आबकारी नीति मामले में केजरीवाल–सिसोदिया की रिहाई पर आप कार्यकर्ताओं का जश्न

आबकारी नीति मामले में केजरीवाल–सिसोदिया की रिहाई पर आप कार्यकर्ताओं का जश्न

महिला विंग जिलाध्यक्ष एडवोकेट माया सिंह गौतम बोलीं— सच्चाई की जीत हुई

FATEHPUR NEWS:  आबकारी नीति मामले में नई दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविन्द केजरीवाल तथा पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के बरी होने के बाद फतेहपुर में आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई। पार्टी की महिला विंग की जिलाध्यक्ष एडवोकेट माया सिंह गौतम के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाते हुए इसे “सत्य की जीत” करार दिया।
एडवोकेट माया सिंह गौतम ने कहा कि यह फैसला उन सभी आरोपों का जवाब है, जो राजनीतिक द्वेष के तहत लगाए गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके नेताओं को साजिश के तहत बदनाम करने की कोशिश की गई। “हम और हमारे नेता गलत नहीं थे। उन्होंने कहा कि न्यायालय के फैसले ने यह साबित कर दिया है। वहीं भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर झूठे मुकदमे गढ़े गए, लेकिन अंततः सच्चाई सामने आ गई। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब जनता सब समझ चुकी है और आने वाले वर्षों में फिर से दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी तथा अरविन्द केजरीवाल दोबारा मुख्यमंत्री पद संभालेंगे। इस दौरान उन्होंने दिल्ली सरकार की योजनाओं की भी सराहना की। विशेषकर मोहल्ला क्लिनिक और सरकारी स्कूल मॉडल को आम लोगों के लिए वरदान बताते हुए कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में आम आदमी पार्टी ने देश के सामने एक उदाहरण प्रस्तुत किया है। कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की और पार्टी नेतृत्व के समर्थन में नारेबाजी की।