केंद्र सरकार पर निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने का लगाया आरोप, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
BHADOHI NEWS: आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को बढ़ती महंगाई और एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि के विरोध में कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की और राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक ज्ञापन डीएम को सौंपा इस दौरान जिलाध्यक्ष अशोक यादव ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश की आम जनता महंगाई और आर्थिक संकट से जूझ रही है। गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत के चलते लोग एक बार फिर लाइनों में लगने को मजबूर हैं, जिसका सबसे बड़ा बोझ गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। श्री यादव ने कहा कि हाल ही में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में 60 रुपए और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में 120 रुपए की वृद्धि हुई है। इससे आम जनता और छोटे व्यापारियों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।उन्होंने कहा कि होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड से जुड़े लाखों छोटे कारोबारियों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। राष्ट्रपति को दिए गए ज्ञापन के माध्यम से आप ने मांग की है कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में की गई हालिया वृद्धि को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए। इसके अतिरिक्त, पेट्रोल और डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए एक पारदर्शी नीति लागू की जाए, गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को रसोई गैस पर विशेष सब्सिडी दी जाए, तथा बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण के लिए केंद्र सरकार एक स्पष्ट और जवाबदेह नीति घोषित करे। इस मौके पर पंकज कुमार एडवोकेट, महेंद्रनाथ पाल, सुरेश यादव, कमलेश गौतम, सोहन गौतम, राजधर बिंद, बीरेंद्र गौड़, संदीप यादव, बैजनाथ सरोज, हरिशंकर पाल, अरविंद सरोज, संगम पासी और जावेद अहमद सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







