KAUSHAMBI NEWS: सिराथू तहसील के बम्हरौली गांव में स्थित सुंदरीकरण किए गए आदर्श तालाब से मंगलवार रात चोरी-छिपे बड़े पैमाने पर मिट्टी की खुदाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि जेसीबी मशीन लगाकर सैकड़ों ट्रैक्टरों से मिट्टी निकालकर बाहर ले जाई गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया। बताया जा रहा है कि तालाब से रातों-रात अवैध तरीके से मिट्टी खोदी गई और उसे कहीं बेच दिया गया। ग्रामीणों की सूचना पर हल्का लेखपाल सुनील दुबे मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। उन्होंने स्वीकार किया कि तालाब से मिट्टी निकाली गई है और इसकी रिपोर्ट तैयार कर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सिराथू को भेजी जाएगी। ग्राम प्रधान नियामत उल्ला ने भी मामले में अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि किसने और क्यों मिट्टी खुदवाई, इसकी जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि तालाब गांव की सार्वजनिक संपत्ति है, इसलिए मामले की शिकायत कर उचित कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि बम्हरौली से मंझनपुर मार्ग पर स्थित इस तालाब से रात में ही सैकड़ों ट्रैक्टर मिट्टी ले जाई गई, जिससे तालाब की संरचना को नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों का कहना है कि राजस्व कर्मियों व स्थानीय प्रशासन के बिना मिलीभगत से कैसे कार्य को अंजाम दिया जा सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
“बम्हरौली के आदर्श ग्राम के तालाब से मिट्टी खुदाई की शिकायत संज्ञान में आई है। राजस्व निरीक्षक की अध्यक्षता में टीम गठित कर दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के विरुद्ध जुर्माना लगाते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी— योगेश कुमार गौड़, एसडीएम सिराथू







